सुकमा : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली खर्च में मिल रही राहत

 पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली खर्च में मिल रही राहत
  • श्री विशाल शाह ने 05 किलोवाट सोलर पैनल लगवाकर उठाया योजना का लाभ

सुकमा(CITY HOT NEWS)//

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले के नागरिक सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका सुकमा के बगीचा पारा निवासी श्री विशाल शाह ने योजना का लाभ लेते हुए अपने घर पर 05 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है।

श्री शाह ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर में सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया। 05 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित होने से अब उनके घर में बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरी हो रही है। इससे उन्हें बिजली खर्च में राहत मिल रही है और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता भी कम हुई है।

उन्होंने बताया कि सोलर पैनल से उत्पादित बिजली का घरेलू उपयोग करने के साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इसके बदले बिजली खाते में क्रेडिट दर्ज होता है, जिसका समायोजन आगामी बिजली बिल में किया जाता है। इस व्यवस्था से सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो रहा है और परिवार को आर्थिक बचत का लाभ मिल रहा है।

श्री विशाल शाह ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम नागरिकों के लिए उपयोगी एवं लाभकारी पहल बताते हुए कहा कि इससे परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को योजनांतर्गत सब्सिडी दिलाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Chhattisgarh