दुर्ग-भिलाई// दुर्ग में स्कूटी सवार तीन युवकों ने दो अलग-अलग जगहों पर महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने एक महिला का पर्स छीन लिया, जिसमें मोबाइल, नकदी और आधार कार्ड रखा था। वहीं, दूसरी महिला से सब्जी बेचकर घर लौटते समय 6 हजार रुपए लूट लिए। दोनों घटनाएं 26 नवंबर की हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया है। इनमें 18 साल का एक युवक और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, नकदी, आधार कार्ड और पर्स बरामद कर लिया है।

स्कूटी सवार युवकों ने छिना पर्स।
पहली घटना दिगंबर जैन मंदिर के पास हुई। यहां एक महिला जा रही थी, तभी स्कूटी पर सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपियों ने उसका पर्स छीन लिया और मौके से भाग निकले। पर्स में वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन, नकदी और आधार कार्ड रखा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
दूसरी घटना सनीचरी बाजार इलाके की है। यहां एक महिला सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसे निशाना बनाया और सब्जी बेचकर मिले 6 हजार रुपए छीनकर भाग गए। दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी में दिखी स्कूटी, फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों महिलाओं की शिकायत पर सिटी कोतवाली दुर्ग में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाईं। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
फुटेज में स्कूटी पर सवार तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उनके आने-जाने के रास्तों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। इसके आधार पर एक युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दो साथियों के साथ वारदात करना कबूला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाएं करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर लूटा गया सामान भी बरामद किया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल सिंह उर्फ काली (18 साल 2 महीने), निवासी शंकर नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। उसके साथ शामिल दोनों नाबालिगों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
महिलाओं को निशाना बनाकर करते थे लूट
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी स्कूटी से अलग-अलग इलाकों में घूमते थे। इस दौरान वे महिलाओं पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही उनके हाथ से पर्स या रुपए छीनकर भाग जाते थे। इसी तरीके से उन्होंने दोनों घटनाओं को अंजाम दिया था।

