
- आस्था के केंद्र खुडि़या रानी में स्वच्छता का महासंकल्प, 600 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक श्रमदान
- विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने मिलकर संवारा धार्मिक एवं पर्यटन स्थल
- खुडि़या रानी को प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प, स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का दिया संदेश
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ की भावना रविवार को जशपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं दर्शनीय स्थल खुडि़या रानी में सामूहिक जनभागीदारी के रूप में दिखाई दी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित वृहद स्वच्छता श्रमदान में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने स्वयं हाथों में सफाई की जिम्मेदारी लेकर श्रमदान किया। अभियान में 600 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान में वन विभाग, राजस्व विभाग, जनपद पंचायत की टीम, खुडि़या रानी सेवा समिति तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध खुडि़या रानी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
परिसर से बाजार और पार्किंग स्थल तक चला व्यापक स्वच्छता अभियान
सामूहिक श्रमदान के दौरान खुडि़या रानी परिसर के साथ स्थानीय बाजार, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। प्रतिभागियों ने स्वयं कचरा एकत्रित कर लोगों को धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए अपने दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामूहिक दायित्व है। खुडि़या रानी क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र है। ऐसे स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं स्वच्छता का पालन करने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
खुडि़या रानी को प्लास्टिक मुक्त रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान खुडि़या रानी धार्मिक एवं दर्शनीय स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सेवा समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरे का उचित निपटान करने और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
नागरिकों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से परिसर में प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई। जनभागीदारी से होने वाला यह प्रयास खुडि़या रानी की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक गरिमा और पर्यावरणीय स्वरूप को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनभागीदारी से स्वच्छ और सुंदर जशपुर का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा सामूहिक दायित्व है। खुडि़या रानी में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, कर्मचारियों, सेवा समिति और स्थानीय नागरिकों की एक साथ भागीदारी ने इसी भावना को मजबूत किया।
सामूहिक श्रमदान के माध्यम से लोगों ने स्वच्छता को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा खुडि़या रानी की प्राकृतिक और धार्मिक महत्ता को संरक्षित रखने में निरंतर सहयोग का संकल्प लिया। अभियान ने जनभागीदारी के माध्यम से खुडि़या रानी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में बनाए रखने का प्रभावी संदेश दिया।

