बलरामपुर// रामानुजगंज में एक शिक्षक का टेलीग्राम अकाउंट हैक कर उनके नाम और मोबाइल नंबर से लोगों को आपत्तिजनक संदेश और अश्लील वीडियो भेजे जा रहे हैं। यह सिलसिला 22 नवंबर से जारी है। शिक्षक ने 23 नवंबर को रामानुजगंज थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

22 नवंबर से हैकर भेज रहा अश्लील वीडियो
रामानुजगंज के सूर्यप्रताप कुशवाहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरागाही में लेखापाल के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका टेलीग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। इसके बाद 22 नवंबर से उनके नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं।
वॉट्सऐप स्टेटस लगाकर लोगों को किया अलर्ट
शिक्षक ने बताया कि उन्होंने 22 नवंबर की रात ही अपने वॉट्सऐप स्टेटस के जरिए लोगों को इसकी जानकारी दे दी थी। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि उनके टेलीग्राम अकाउंट से आने वाले किसी भी संदेश पर भरोसा न करें। इसके बावजूद हैकर लगातार गलत संदेश और अश्लील वीडियो भेज रहा है।

शिक्षक ने पुलिस से टेलीग्राम अकाउंट को हैकर के कब्जे से मुक्त कराने और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि इस अकाउंट से आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक, संदेश या वीडियो को न खोलें और न ही दूसरों को भेजें।

