अंबिकापुर// छत्तीसगढ़ के सरगुजा में पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। ग्रामीणों ने तीर और पत्थर से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसमें 2 टीआई सहित 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया, जिसमें कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं।
दरअसल, हसदेव अरण्य में पेड़ों की कटाई चल रही है। स्थानीय ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। इसे देखते हुए बुधवार रात ही पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे, तीर-धनुष लेकर विरोध के लिए पहुंच गए।

पुलिस के लाठी चार्ज में एक दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं।
घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
ग्रामीणों ने तीरों और पत्थरों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। दो पुलिसकर्मियों को तीर लगा है। जबकि अन्य पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हुए हैं। वहीं ग्रामीणों को हिंसक होता देख पुलिस ने भी लाठियां भांजी। इसमें दर्जनभर ग्रामीणों को चोटें आई हैं।
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को सीएचसी उदयपुर में भर्ती किया गया है। हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई से 8 गांव प्रभावित हैं। इसमें 841 हेक्टेयर एरिया फॉरेस्ट लैंड है।

