गरियाबंद // गरियाबंद जिले में तेज रफ्तार कार ने कॉलेज से पैदल घर लौट रही तीन छात्राओं को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गंभीर रूप से घायल छात्रा को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पहले देखिये यह तस्वीरें


सड़क किनारे पैदल चल रही थीं छात्राएं
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों छात्राएं कॉलेज में छुट्टी होने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। वे सड़क किनारे चल रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक छात्रा की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
घटना के बाद घायल छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल एक छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। अन्य दो छात्राओं का भी इलाज किया जा रहा है।

CCTV में कैद हुआ हादसा
हादसे का वीडियो घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में कार की टक्कर से छात्राओं के घायल होने की घटना कैद हुई है।
कार और ड्राइवर पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसके ड्राइवर को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

