रिमांड के दौरान थाने से फरार हुए लूट के दो आरोपी, तीन आरक्षक निलंबित, एएसआई पर भी गिरी गाज

राजनांदगांव// राजनांदगांव कोतवाली थाना क्षेत्र में लूट के दो आरोपियों के पुलिस रिमांड के दौरान फरार होने और ड्यूटी में लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है।

दोनों मामलों में सात दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश - Dainik Bhaskar

दोनों मामलों में सात दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

आरोपियों की निगरानी में तैनात तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, एक अलग मामले में बोरतलाव थाने के सहायक उप निरीक्षक (सउनि) गोकुल सोनकर को भी निलंबित किया गया है।

रिमांड के दौरान सुबह थाने से फरार हुए आरोपी

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 732/2026 (धारा 309(6), 3(5) बीएनएस) और अपराध क्रमांक 733/2026 (धारा 309(4), 3(5) बीएनएस) के संदेही विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करने और लूटे गए मोबाइल व नकदी अपने घर में रखने की बात बताई थी।

रात में दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। उनकी निगरानी के लिए आरक्षक क्रमांक 1187 नितेश ध्रुव और आरक्षक क्रमांक 1749 किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं, रात्रि थाना हाजिरी ड्यूटी पर आरक्षक क्रमांक 498 दुर्गेश साहू तैनात थे। इसके बावजूद 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी पुलिस रिमांड के दौरान थाने से फरार हो गए।

तीन आरक्षक निलंबित, सात दिन में जांच रिपोर्ट

आरोपियों के फरार होने को गंभीर लापरवाही, उदासीनता और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला कृत्य मानते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के फरार होने के संबंध में अलग से आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया गया है। मामले की प्राथमिक जांच उप पुलिस अधीक्षक (अजाक/क्राइम) सत्यप्रकाश तिवारी को सौंपी गई है। उन्हें सात दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बोरतलाव थाने के सउनि गोकुल सोनकर भी निलंबित

एक अन्य आदेश में बोरतलाव क्षेत्र के एक आवेदक की ओर से पैसों के लेनदेन को लेकर दी गई लिखित शिकायत पर कार्रवाई की गई है। शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर और तथ्यात्मक पाए जाने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने बोरतलाव थाने के सउनि गोकुल सोनकर को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया है।

इस मामले की जांच पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक करेंगे। उन्हें भी सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

निलंबन अवधि के दौरान सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और प्रतिदिन गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Chhattisgarh