सरगुजा// अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले कक्षा 9वीं के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। जिससे उसके रीड और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

बिरला-स्कूल के हॉस्टल की दूसरी-मंजिल से कूदा छात्र
पिता का कहना है कि, बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। वो वहां से भागकर अपनी बुआ के घर चला गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन उसे जबरन वापस हॉस्टल ले आया। उसे कमरे में बंद कर धमकाया गया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, हॉस्टल वार्डन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

मामला बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल का है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला नाबालिग छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल आया था।
पिता अरुण कुमार गुप्ता का कहना है कि, 22 नवंबर को बेटा हॉस्टल से भागकर आ गया। उसने मुझे कॉल कर कहा कि, मुझे यहां अच्छा नहीं लग रहा है। मैं हॉस्टल में नहीं रह सकता। हमने कहा कि, पढ़ने गए हो तो अच्छे से पढ़ो।
बुआ के घर से बच्चे को उठा ले गया प्रबंधन
इसके बाद बेटा हॉस्टल से भागकर बुआ के घर चला गया था। हमने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर कहा कि, बच्चे को हमारे आने तक मत ले जाइएगा। लेकिन हॉस्टल वाले जबरन बच्चे को उठाकर ले गए।
पिता बोले- हॉस्टल में कैद करके रखा गया था
मेरे जीजा उसके साथ हॉस्टल तक गए। जीजा ने परिजन के रूप में बच्चे को अपने पास ही रखने को कहा। लेकिन प्रबंधन ने देने से इनकार कर दिया। उसे उसी के कमरे में बंद कर दिया गया। उससे कहा गया कि, इस बार भागे तो हाथ-पैर तोड़ देंगे।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

असिस्टेंट-डायरेक्टर, वार्डन समेत 4 लोग गिरफ्तार।
पहले भी विवादों में आया था स्कूल
इससे पहले भी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के एक शिक्षक ने छात्र से 100 बार गाली लिखवाया था। उस समय मामले की जांच के लिए डीईओ दिनेश झा स्कूल पहुंचे थे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था।

