मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर/// छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में भाई-बहन भवन सिंह (27) और प्रमिला (20) के साथ उसकी सहेली भूमिका (18) की मौत हो गई। ट्रक तीनों को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया।

नेशनल हाईवे-43 पर ट्रक ने बाइक सवारोंको 200 मीटर तक घसीटा
हादसा मंगलवार दोपहर इमली गोलाई के पास हुआ। भवन सिंह और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रमिला ने अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान दम तोड़ दिया। यह मामला मनेन्द्रगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
देखिए तस्वीरें..

ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को कुचला।

हादसे में भाई-बहन और उसकी एक सहेली की मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
इलाज के लिए मनेन्द्रगढ़ अस्पताल आए थे
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नगोई के भवन सिंह (27), अपनी बहन प्रमिला (20) और उसकी सहेली ग्राम बरबसपुर की भूमिका (18) को मंगलवार को बाइक से मनेन्द्रगढ़ अस्पताल में इलाज कराने के लिए आया था। इलाज के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
ट्रक के नीचे आए बाइक सवार
इसी दौरान सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के इमली गोलाई के पास उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में भवन सिंह और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
उसे तत्काल 220 बिस्तर वाले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया जा रहा था, इसी दौरान उसकी भी मौत हो गई।
अन्नप्राशन कार्यक्रम में आई थी भूमिका
बताया जा रहा है कि भवन सिंह और प्रमिला दोनों भाई-बहन थे। भवन सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। वहीं, भूमिका और प्रमिला सहेलियां थीं और दोनों नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर ग्राम नगोई में आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस हादसे में अब तक तीनों बाइक सवारों की जान जा चुकी है।

