बिलासपुर // बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के नगोई मेन रोड स्कूल चौक में शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। आरोपी ने फावड़े से घर का दरवाजा क्षतिग्रस्त कर दिया। महिला की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

उसने शासकीय वाहन के सामने और बाईं ओर के शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों को भी कुल्हाड़ी लेकर मारने के लिए दौड़ाया। मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपी निखिल महेश्वरी के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो महिला से मारपीट
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घटना 24 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। नगोई निवासी नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी निखिल महेश्वरी जबरन घर में घुस आया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। नेहा ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी भड़क गया। उसने महिला को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपी ने घर में रखा फावड़ा उठाकर दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया। जान बचाने के लिए नेहा को वहां से भागना पड़ा। घटना के दौरान गंजानंद महेश्वरी सहित आसपास के लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा और सुना।

समझाइश देने पर कुल्हाड़ी लेकर पुलिस पर झपटा
घटना की सूचना पर डायल 112 में इवेंट क्रमांक 1036100 दर्ज किया गया। इसके बाद आरक्षक मनीराम साहू और वाहन चालक पालेश्वर नायक शासकीय वाहन क्रमांक CG03A2462 से दोपहर करीब 12:15 बजे मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने के लिए महिला के पति जलेश्वर महेश्वरी और आरोपी निखिल महेश्वरी को समझाइश दे रहे थे।
इसी दौरान आरोपी अचानक पड़ोसी के घर की ओर दौड़ा और वहां से कुल्हाड़ी लेकर पुलिस वाहन की तरफ आ गया। उसने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कुल्हाड़ी से डायल 112 के वाहन पर हमला कर दिया।
वाहन के दो शीशे तोड़े, पुलिसकर्मियों को दौड़ाया
हमले में शासकीय वाहन का सामने और बाईं ओर का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपी ने आरक्षक और वाहन चालक को भी कुल्हाड़ी लेकर मारने के लिए दौड़ाया। पुलिस के अनुसार, इस घटना से शासकीय कार्य बाधित हुआ और कंट्रोल रूम से मिले इवेंट का निराकरण भी नहीं हो सका।
दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज
घटना के बाद आरक्षक मनीराम साहू की रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी निखिल महेश्वरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3-LCG, 132, 221, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, पीड़िता नेहा महेश्वरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 119(1), 296, 324(4), 333 और 351(3) बीएनएस के तहत अलग से अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

