रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत जीपीएम के ग्राम पंचायत भदौरा में सेवा सेतु शिविर संपन्न

सेवा संकल्प अभियान के तहत जीपीएम के ग्राम पंचायत भदौरा में सेवा सेतु शिविर संपन्न
  • राशनकार्ड, ई-केवाईसी और आधार सीडिंग सहित जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
  • 29 सितंबर को टिकठी और 30 सितंबर को नवागांव में लगेगा शिविर

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा आम नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत गौरेला की ग्राम पंचायत भदौरा में विशेष सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित खाद्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान राशनकार्ड में पंजीकृत सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं मोबाइल नंबर सीडिंग सहित आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रक्रियाओं और पात्रता के संबंध में भी ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। शिविर में जनपद पंचायत सदस्य श्री संतोष कुमार राठौर, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती वर्षा ओझा सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे इन सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी मौके पर उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में 29 सितंबर को जनपद पंचायत मरवाही की ग्राम पंचायत टिकठी तथा 30 सितंबर को जनपद पंचायत पेंड्रा की ग्राम पंचायत नवागांव में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिकों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लेने तथा पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की है।

Chhattisgarh