सुकमा : राज्योत्सव में स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव में स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
  • आयुष्मान की सफलता, मरीजों को पोषण का संबलरू जनसेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल
  • जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का किया प्रभावी प्रदर्शन

सुकमा, (CITY HOT NEWS)//

राज्योत्सव 2026 के अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग, सुकमा द्वारा लगाए गए आकर्षक एवं जनोपयोगी स्टॉल ने आमजन के बीच विशेष आकर्षण पैदा किया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में लगाए गए इस स्टॉल के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, निःशुल्क उपचार सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर लोगों को जागरूक किया गया। स्टॉल का प्रमुख आकर्षण आयुष्मान भारत योजना की सफलता की कहानियों को दर्शाता पेड़ के आकार का विशेष फ्लेक्स रहा, जिसने योजना से लाभान्वित हितग्राहियों और उन्हें मिले बेहतर उपचार की जानकारी को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही मोतियाबिंद उपचार, क्षय रोग (टीबी) एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक  से संबंधित बैनरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

मरीजों की बेहतर सेहत और शीघ्र रिकवरी के लिए प्रशासन की संवेदनशील पहल जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण और स्वास्थ्य लाभ को प्राथमिकता देते हुए एक अभिनव पहल शुरू की गई है। इसके तहत मोतियाबिंद का ऑपरेशन करा चुके मरीजों एवं टीबी से पीड़ित मरीजों को अतिरिक्त पोषण सहयोग के रूप में अंडे वितरित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मरीजों के घर पहुंचकर नियमित फॉलोअप करेंगे तथा उन्हें अंडों की कैरेट उपलब्ध कराएंगे। इस पहल से मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण सहयोग मिलेगा और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में मदद मिलेगी। राज्योत्सव के अवसर पर केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने टीबी एवं मोतियाबिंद के मरीजों को अंडों का वितरण कर इस जनहितकारी पहल का शुभारंभ किया। यह पहल दर्शाती है कि जिला प्रशासन केवल उपचार तक सीमित न रहकर मरीजों की समग्र देखभाल और बेहतर जीवन की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत है।

आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धियों का किया व्यापक प्रचार-प्रसार स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर आम नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिले में हुए कार्यों, आयुष्मान कार्ड निर्माण, पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली निःशुल्क उपचार सुविधाओं एवं योजना से लाभान्वित परिवारों की सफलता की कहानियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर हितग्राही श्री गणेश पांडेय एवं श्री राकेश कर्तामी को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। स्टॉल के माध्यम से लोगों को बताया गया कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के जरिए पात्र परिवारों को आर्थिक सुरक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता राज्योत्सव में स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता और मरीजों की देखभाल को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस आयोजन के माध्यम से प्रभावी मंच मिला। आयुष्मान भारत योजना के प्रचार-प्रसार से लेकर मरीजों के पोषण सहयोग और नियमित फॉलोअप तक की पहल यह संदेश देती है कि प्रशासन आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Chhattisgarh