
- सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से शिक्षा के सपनों को मिल रही नई उड़ान
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजनाओं से मिलने वाली सहायता जहां परिवारों की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है, वहीं बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य की नींव को भी मजबूत कर रही है।
श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। दंतेवाड़ा जिले के विकासखंड गीदम के ग्राम बिन्जाम निवासी रतिराम नेताम पिता श्री कोपाराम नेताम को इस योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। छात्रवृत्ति मिलने से उनकी शिक्षा से जुड़े खर्चों में आर्थिक सहायता मिली है और आगे की पढ़ाई जारी रखने में आवश्यक सहयोग मिला है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा श्रमिक परिवारों को सशक्त बनाना है। योजना के तहत मंडल में पंजीकृत श्रमिक के प्रथम दो बच्चों को नियमानुसार छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। कक्षा पहली से लेकर स्नातकोत्तर स्तर की व्यावसायिक परीक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा पीएचडी एवं शोध कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को निर्धारित मापदंडों के अनुसार 1,000 रुपये से 10,000 रुपये तक छात्रवृत्ति इसके तहत प्रदान करने का प्रावधान है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अंकों की बाध्यता नहीं रखी गई है। साथ ही आवेदन की तिथि से पूर्व एक वर्ष की अवधि में हितग्राही का कम से कम 90 दिन निर्माण श्रमिक के रूप में कार्यरत होना निर्धारित है। ऐसे प्रावधान श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने और आर्थिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को कम करने में सहायक हैं।
रतिराम नेताम के परिवार के लिए यह छात्रवृत्ति बच्चों की शिक्षा में आर्थिक सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। छात्रवृत्ति से पढ़ाई से संबंधित खर्चों में सहायता मिलने के साथ ही श्रमिक परिवारों में बच्चों की शिक्षा को लेकर भरोसा और उत्साह बढ़ रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचने से सुशासन की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित रतिराम नेताम निवासी ग्राम बिन्जाम (गीदम) ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

