
ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर कई किस्तों में रुपए लिए
बलरामपुर// बलरामपुर जिले में नौकरी लगवाने के नाम पर रिश्तेदार से ठगी का मामला सामने आया है। चलगली पुलिस ने 21 वर्षीय आशीष को गिरफ्तार किया है। वह सरस्वतीपुर का रहने वाला बताया गया है। आरोपी पर अपने रिश्तेदार रामऔतार (29) से नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 2 हजार रुपए ठगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, चलगली थाना क्षेत्र निवासी रामऔतार ने 10 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके रिश्ते के भांजे आशीष ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया। आशीष ने कहा कि नौकरी के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी और इसके लिए जरूरी दस्तावेज भी लिए।

व्हाट्सऐप पर भेजा फर्जी नियुक्ति पत्र
ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर लिए पैसे
इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग तरीकों से पैसे की मांग की। शिकायतकर्ता ने फिनो पेमेंट बैंक के बारकोड और अन्य नंबरों पर कई किस्तों में रकम भेजी। इनमें 25-25 हजार रुपए की दो किस्तें, 10 हजार, 20 हजार, 7 हजार और 15 हजार रुपए शामिल थीं।
घर जाकर भी दिए 50 हजार रुपए
शिकायत के मुताबिक, 10 फरवरी 2025 को रामऔतार ने आरोपी के घर जाकर उसे 50 हजार रुपए नकद दिए। इस तरह अलग-अलग किस्तों और नकद भुगतान मिलाकर कुल 2 लाख 2 हजार रुपए आरोपी को दिए गए।
व्हाट्सऐप पर भेजा फर्जी नियुक्ति पत्र
पैसे लेने के बाद आशीष ने रामऔतार के व्हाट्सऐप पर एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेजा। हालांकि, शिकायतकर्ता की नौकरी नहीं लगी और आरोपी ने पैसे भी वापस नहीं किए। पैसे मांगने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। घर जाने पर भी वह नहीं मिला।
मोबाइल जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
मामले की जांच के दौरान चलगली पुलिस ने आरोपी आशीष के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आशीष ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चलगली में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

