दहेज और शराब के लिए पत्नी को करता था प्रताड़ित, आत्महत्या के बाद पति गिरफ्तार..

जांजगीर-चांपा// जांजगीर-चांपा जिले में पत्नी को दहेज और पैसों के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पति लव कुमार पटेल उर्फ मोटन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था।

वह अपनी जरूरतों और शराब पीने के लिए भी पैसे मांगता था। मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी से मारपीट करता था। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

तालाब के पास पेड़ पर लटका मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, 1 मई 2026 को ग्राम बिरगहनी के बंधवा तालाब के पास नीम के पेड़ पर एक अज्ञात महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर जांजगीर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बाद में परिजनों ने महिला की पहचान ग्राम सोठी के श्रद्धा पटेल के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से दम घुटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। मौत को आत्महत्या बताया गया।

शादी के डेढ़ साल बाद से कर रहा था परेशान

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के माता-पिता, बहनों और दूसरे परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने बताया कि शादी के करीब डेढ़ साल बाद से ही लव कुमार पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने लगा था।

वह अपनी जरूरतों और शराब पीने के लिए पैसे मांगता था। साथ ही पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करता था।

परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर भी उसे परेशान करता था।

अकलतरा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पति की प्रताड़ना से परेशान होकर श्रद्धा 30 अप्रैल 2026 को बलौदा स्थित किराये के मकान से चली गई थी। अगले दिन 1 मई को उसका शव बिरगहनी के बंधवा तालाब के पास मिला था।

परिजनों के बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत केस दर्ज किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लव कुमार पटेल उर्फ मोटन को अकलतरा से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Chhattisgarh