तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत..पति के साथ लौट रही थी…चालक फरार

सारंगढ़, रायगढ़// सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ पवनी से सरायपाली लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। वहीं, ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया। मृतका की पहचान बूंद कुंवर साहू (50), पति सेवक राम साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बूंद कुंवर साहू अपने पति के साथ पवनी गांव में एक रिश्तेदार के यहां आई थी। सोमवार को दोनों स्प्लेंडर बाइक (CG 06 GG 2453) से अपने घर सरायपाली लौट रहे थे।

इसी दौरान भटगांव नगर में एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर भटगांव पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार ट्रक और उसके ड्राइवर की तलाश कर रही है।

भटगांव थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि ट्रक की पहचान की जा रही है। जल्द ही ड्राइवर को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Chhattisgarh