धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अफेयर के शक में एक लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड को चाकू से गोदकर मार डाला। दुलेश्वर टंडन (24) और अनीता मंडावी (22) के बीच लंबे समय से अफेयर था। दुलेश्वर को शक था कि अनीता किसी दूसरे लड़के से बात करती है।

2 अक्टूबर को युवक गर्लफ्रेंड के कमरे में पहुंचा और उसे धोखा देने का आरोप लगाते हुए पीठ, कमर, हाथ और सिर पर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने 5 बार चाकू से वार किया। इलाज के दौरान अनीता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कुरुद थाना क्षेत्र का है।
पहले देखिए तस्वीरें…

अफेयर के शक में अनीता मंडावी (22) की उसके बॉयफ्रेंड ने हत्या कर दी।

चाकू से हमले में युवती के पीठ, कमर, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कोंडागांव की रहने वाली अनीता मंडावी (22) कुरुद के भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती थी। कुरूद का रहने वाला आरोपी दुलेश्वर टंडन (24) भी इसी मिल में काम करता था। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर था।
आरोपी को शक था कि अनीता किसी दूसरे लड़के से बात करती है। इसी बात को लेकर दुलेश्वर अपनी गर्लफ्रेंड से नाराज था। 2 अक्टूबर की रात जब अनीता अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान दुलेश्वर उसके कमरे में घुस गया और अनीता पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
चाकू लेकर भागता दिखा आरोपी
कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। अनीता की चीख-पुकार सुनकर पास के कमरे में सो रही उसकी सहेलियां बाहर निकलीं तो दुलेश्वर को हाथ में चाकू लेकर कमरे से बाहर भागते देखा। कमरे के अंदर अनीता घायल और खून से लथपथ हालत में मिली।
इलाज के दौरान युवती की मौत
हमले में अनीता के पीठ, कमर, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने शरीर में 5 बार चाकू गोदा था। अनीता को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हत्या का मामला होगा दर्ज
एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि पुलिस ने 3 अक्टूबर को आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस समय उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। अब इलाज के दौरान अनीता की मौत होने के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ेगी।

