रायपुर : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, बचत से आत्मनिर्भरता की राह हो रही मजबूत

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, बचत से आत्मनिर्भरता की राह हो रही मजबूत
  • नियमित आर्थिक सहायता का सार्थक उपयोग कर महिलाएं बना रहीं आजीविका के नए साधन, रायगढ़ की राशी कँवर ने बचत से खरीदी सिलाई मशीन

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए केवल नियमित आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आधार भी बन रही है। योजना से मिलने वाली राशि का महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ बचत और आजीविका के साधन विकसित करने में भी उपयोग कर रही हैं। इससे महिलाओं का आर्थिक आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे परिवार की आर्थिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

रायगढ़ की राशी कँवर ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि को नियमित रूप से बचाकर सिलाई मशीन खरीदी। अब यह सिलाई मशीन उनके लिए घरेलू उपयोग की वस्तु भर नहीं है, बल्कि घर से ही काम शुरू कर आय अर्जित करने और आत्मनिर्भर बनने का माध्यम बन गई है। राशी बताती हैं कि उन्होंने योजना की किस्तों को खर्च करने के बजाय धीरे-धीरे बचाया और इसी बचत से सिलाई मशीन खरीदी। इससे उन्हें अपने पैरों पर खड़े होकर आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

आर्थिक सहायता को बनाया आत्मनिर्भरता का आधार

महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार निर्णय लेने में सहायक बन रही है। अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की दैनिक जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। वहीं कई महिलाएं राशि की बचत कर छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार और आजीविका के साधन विकसित कर रही हैं।

राशी कँवर का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि नियमित आर्थिक सहायता को योजनाबद्ध तरीके से बचत में बदलकर उसे आय के स्थायी साधन में परिवर्तित किया जा सकता है। सिलाई मशीन के माध्यम से वे अब घर से ही सिलाई का काम कर आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ-साथ आत्मविश्वास भी मिला है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को मिल रहा बल

महतारी वंदन योजना का व्यापक उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन में स्थायित्व एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। नियमित रूप से मिलने वाली सहायता से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक निर्णय लेने की स्वतंत्रता मिल रही है। बचत और स्वरोजगार की दिशा में बढ़ते कदम महिलाओं की परिवार के आर्थिक निर्णयों में भागीदारी को भी मजबूत कर रहे हैं।

राशी कँवर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर दे रही है। उनके लिए योजना की राशि को बचाकर सिलाई मशीन खरीदना आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

30वीं किस्त से 67.20 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ

महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना की 30वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 माताओं-बहनों के बैंक खातों में 630.55 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। रायगढ़ जिले की पात्र महिलाएं भी इससे लाभान्वित हुई हैं। लगातार मिल रही आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी जरूरतों के साथ-साथ बचत, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करने का भरोसा मिला है।

महतारी वंदन योजना से जुड़ी ऐसी कहानियां यह दर्शाती हैं कि जब महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिलता है, तो वे अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उपलब्ध संसाधनों का उपयोग भविष्य की बेहतर आर्थिक संभावनाएं तैयार करने में भी कर सकती हैं।

Chhattisgarh