रायपुर// छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। गुरुवार शाम रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। प्रभा एक्का (55) जंगल में पुटू बिनने गई थी, इस दौरान अचानक मौसम बदला और वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई।

वहीं, राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के मजबूत होने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य से 29% कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले अच्छी बारिश होने से इस कमी में सुधार आ सकता है।
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया।

रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

रायपुर में गुरुवार शाम जमकर बारिश हुई।
बिजली गिरने से 1 महिला की मौत
रायगढ़ जिले के संगरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। लक्ष्मीपुर निवासी प्रभा एक्का (55) जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने लगी।
पुटू खोजने के दौरान अचानक प्रभा एक्का पर बिजली गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमजयगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।

