बालोद// छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में घायल नगर पालिका कर्मचारी का सिर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट में घुस गया। काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन की मदद से फुटरेस्ट को काटकर उसे बाहर निकाला गया।

इसके बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज देकर रायपुर रेफर कर दिया है। वहीं बाइक से सवार दंपती को मामूली चोटें आई है। शुरुआती जांच में पुलिस हादसे का कारण हाईस्पीड बताया है। घटना बालोद थाना क्षेत्र की है।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

जिस बाइक में दंपती सवार थे, उनके बाइक का फुटरेस्ट युवक के सिर में घुस गया।

इसी बाइक में नगर पालिका कर्मचारी सवार था और बस को ओवरटेक कर रहा था।

कटर मशीन से फुटरेस्ट को काटकर घायल को अस्पताल भेजा गया।
छलकर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरा
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। पाररास वार्ड क्रमांक-1 निवासी वामेन साहू (35) नगर पालिका में प्लेसमेंट कर्मचारी है। वह काम से लौटकर घर जा रहा था। गणेश मंदिर के पास उसने एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इस दौरान सामने से आ रही बाइक का अंदाजा नहीं लगने पर उसकी बाइक दंपती की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वामेन उछलकर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरा और लोहे का हिस्सा उसके सिर में घुस गया।
वही, मौके पर मौजूद लोगों ने उसे निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कटर मशीन मंगाकर फुटरेस्ट को काटा गया। घायल को फुटरेस्ट सहित एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेकाहारा रेफर कर दिया गया है।
साली के घर बालोद आ रहे थे दंपती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घुमका निवासी पुनाराम यादव (45) पत्नी भगवंतीन (40) के साथ बाइक से आमापारा स्थित अपनी साली के घर आ रहे थे। हादसे के दौरान वे सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे नाली में गिर गए।
दोनों को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनकी बाइक के फुटरेस्ट में वामेन का सिर फंस गया।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य
वार्डवासियों के अनुसार वामेन साहू नगर पालिका में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हेल्पर के रूप में कार्यरत है। पिता का निधन हो चुका है। परिवार में मां, पत्नी और दो बेटे हैं। बेटों की उम्र लगभग 10 और 12 साल है।
पुलिस बोली- तेज रफ्तार की वजह से हादसा
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग सामने आई है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क का हिस्सा संकरा है। बस के पीछे होने के कारण सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

