मुर्गी चोरी का आरोप लगाकर ग्रामीण ने मां, बेटे और बेटी को पीटा….आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

मुर्गी चोरी कर खाने की बात पर तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी गई। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

मुर्गी चोरी कर खाने की बात पर तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी गई। (फाइल फोटो)

रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मुर्गी चोरी का आरोप लगाकर ग्रामीण ने मां, बेटे और बेटी की पिटाई कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम समनिया निवासी फुलकुंवर चक्रधारी (45) ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 जून की सुबह गांव के संतोष चक्रधारी (40) ने बैठक बुलाई थी। इस दौरान उसने फुलकुंवर के बेटे उमेश चक्रधारी पर मुर्गी चोरी कर खाने का आरोप लगाया।

आरोप लगाते हुए उसने गाली-गलौज की और उमेश की थप्पड़ों से पिटाई कर दी। मारपीट के बाद उमेश घर लौट आया और अपनी मां को घटना की जानकारी देने लगा। इसी दौरान संतोष की बेटी प्रीति चक्रधारी वहां पहुंची। उसने उमेश को मुर्गी चोर बताते हुए जबरन बाहर ले जाने की कोशिश की।

आरोप है कि तभी संतोष चक्रधारी हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए उमेश को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने उमेश की दोबारा पिटाई शुरू कर दी।

घटना के बाद मामले की सूचना पर कापू पुलिस ने केस दर्ज किया है।

घटना के बाद मामले की सूचना पर कापू पुलिस ने केस दर्ज किया है।

बीच-बचाव करने पहुंची मां और बहन को भी पीटा

उमेश को बचाने के लिए उसकी मां फुलकुंवर पहुंची तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी बीच फुलकुंवर की बेटी कविता चक्रधारी अपनी मां को बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उसे भी घसीटकर हाथ-मुक्कों और लकड़ी से पीट दिया।

तीनों को आई चोटें

मारपीट में फुलकुंवर के गाल और सिर, उमेश की पीठ, जबकि कविता के सिर और पीठ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में फुलकुंवर ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस बोली- जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई

कापू थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh