
- शिविर में कुल 298 आवेदन प्राप्त हुए, 58 का स्थल पर ही निराकरण
- खाद्य विभाग ने मौके पर ही बनाए राशन कार्ड, हितग्राहियों को सौंपी गई पीएम आवास की चाबियाँ
- महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे व्यापक जन-अभियान “सुशासन तिहार 2026” के तहत नारायणपुर जिला के जनपद पंचायत ओरछा के ग्राम कोंगे में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सुदूर वनांचल क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुँचे। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की।
गौरतलब है कि राज्य सरकार का यह महत्वाकांक्षी जन-समस्या निवारण अभियान 1 मई से 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के घर-द्वार तक पहुँचाना और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग को मिले सबसे ज्यादा आवेदन
कोंगे में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 298 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें से 58 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। विभागवार प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार है, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सर्वाधिक 98, स्वास्थ्य विभाग 40, श्रम विभाग 18, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 01 और अन्य विभाग के 141 आवेदन प्राप्त हुए।
हाथों-हाथ बने राशन कार्ड, मिली सपनों के घर की चाबी
शिविर में खाद्य विभाग की टीम मुस्तैद रही, जिसने पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड मौके पर ही तैयार कर उन्हें सौंपे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके अपने पक्के मकान की चाबियाँ प्रदान की गईं। एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से दूर-दराज के ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष साफ देखा गया।
गोद भराई और अन्नप्राशन की गूंज
समाधान शिविर सिर्फ प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहाँ सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही गर्भवती माताओं की गोद भराई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार पारंपरिक उत्साह के साथ कराया गया। इसके अलावा, उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और उन्हें योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया समझाई।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित किए जा रहे इन शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि अंतिम छोर के व्यक्ति को भी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के सहजता से मिल सके। जिला प्रशासन शिविर में जनप्रतिधियों सहित विभिन्न विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

