मिर्च पाउडर छिड़ककर नकाबपोश बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल-पंप मैनेजर से लूट की कोशिश की..

बिलासपुर// बिलासपुर में सोमवार की रात पेट्रोल पंप मैनेजर लूट का शिकार होते-होते बच गया। नकाबपोश बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया। फिर रास्ते में उनकी आंख में मिर्च पाउडर डालकर लूटपाट करने लगे। बाइक सवार मैनेजर ने किसी तरह भाग कर लोगों को घटना की जानकारी दी।

नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने मैनेजर का किया पीछा, फिर आंख में छिड़क दिया मिर्च पाउडर। - Dainik Bhaskar

नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने मैनेजर का किया पीछा, फिर आंख में छिड़क दिया मिर्च पाउडर।

भीड़ देखकर बाइक सवार लुटेरे भाग निकले। पेट्रोल पंप संचालक इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस तरह की वारदात होने से इनकार किया है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, मस्तूरी रोड पर लालखदान-ढेका के पास राहुल पेट्रोल पंप संचालित है, जिसका मालिक राहुल गुप्ता है। पेट्रोल पंप में रोशन साहू (50) मैनेजर का काम करता है। सोमवार को वो ड्यूटी पर था। बताया जा रहा है कि, रात करीब 10 बजे ड्यूटी के बाद बिक्री के पैसे सहित करीब 15 लाख रुपए लेकर मालिक के घर जा रहा था।

पीछा कर आए नकाबपोश बाइक सवार

बाइक सवार मैनेजर ने रुपयों को शर्ट और जैकेट के अंदर छिपाकर रखा था। अभी बाइक सवार मैनेजर कनोई पेपर मिल के पास पहुंचा था। वहां लाइट नहीं होने के कारण अंधेरा था। इस दौरान पेट्रोल पंप से पीछा करते हुए बाइक सवार नकाबपोश दो युवक आ रहे थे।

अंधेरे का फायदा उठाकर नकाबपोश युवक ओवरटेक करते हुए बाइक बाजू में ले आए। इसी बीच पीछे बैठे युवक ने मैनेजर की आंखों में मिर्ची का पावडर छिड़क दिया, जिससे वो हड़बड़ाकर बाइक से गिर गया।

मैनेजर के शोर मचाने पर भागे बाइकर्स

मिर्च पाउडर की वजह से उनकी आंखों में हो रही जलन होने लगी। फिर भी मैनेजर चिल्लाते हुए भागने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। इतने में बाइक सवार युवक मौका पाकर भाग निकले।

पुलिस को बताने से मना किया

इस वारदात के बाद मैनेजर रोशन साहू ने घटना की जानकारी पेट्रोल पंप संचालक राहुल गुप्ता को दी। राहुल गुप्ता ने उसे सीधे अपने घर बुला लिया और पुलिस को घटना की जानकारी देने से मना कर दिया। तोरवा पुलिस सहित पुलिस अफसरों ने भी इस तरह की घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।

संचालक बोला- नहीं हुई है ऐसी घटना

पेट्रोल पंप मैनेजर के साथ हुई लूटपाट की घटना की जानकारी लेने के लिए दैनिक भास्कर ने संचालक राहुल गुप्ता से भी संपर्क किया। तब उन्होंने इस तरह की घटना होने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि मैनेजर बाइक से गिर गया था। लूटपाट जैसी घटना नहीं हुई है। पेट्रोल पंप में 15 लाख रुपए रखने का भी सवाल नहीं है। क्योंकि, आजकल, कैश के बजाय ऑनलाइन लेनदेन होता है।

Chhattisgarh