
कोरबा// कोरबा के बांकीमोंगरा नगर पालिका के वार्ड नंबर-19 स्थित ग्राम भठोरा सरईपाली में उत्साह का माहौल रहा। गांव की दो बेटियां कु. निशा विंध्यराज और कु. सुशीला विंध्यराज का पुलिस उप-निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने एक भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया।
इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर दोनों नव-नियुक्त अधिकारियों का अभिनंदन किया। निशा और सुशीला ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है। यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

एक ही परिवार की हैं दोनों बेटियां
ग्रामीणों ने बताया कि, एक ही गांव और एक ही परिवार की दो बेटियों ने यह उपलब्धि हासिल कर गांव का मान बढ़ाया है। यह गांव के लिए एक विशेष क्षण है। कु. निशा विंध्यराज के पिता स्व. प्यारे लाल विंध्यराज एक किसान थे। पिता के न होने के बावजूद, निशा ने अपनी मां और परिवार के सहयोग से पढ़ाई पूरी की और यह सफलता प्राप्त की।
वहीं, कु. सुशीला विंध्यराज के पिता लाहोरन विंध्यराज भी एक गरीब किसान हैं। सुशीला ने भी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया और इस मुकाम तक पहुंची, जिससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
सम्मान समारोह में दोनों बेटियों को फल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें कर्तव्य पथ पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा से सेवा करने की शुभकामनाएं दीं।

