- 416 धरती आबा ग्राम एवं 23 पीएम जनमन ग्रामों में आयोजित होंगे विशेष शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम
अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)//
भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा पूरे देश में 18 मई 2026 से 25 मई 2026 तक जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में भी व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव आयोजित किया जाएगा। यह अभियान “जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर आधारित है, जिसके अंतर्गत जिले के 416 धरती आबा ग्राम तथा 23 पीएम जनमन ग्रामों में विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना तथा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा एवं गौरव को सम्मान देना है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर एवं संतृप्ति शिविरों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद एवं विभिन्न विभागों द्वारा सेवा प्रदाय गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मातृवंदन योजना, जनधन खाता, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उत्सव के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पारंपरिक मुखियाओं, जनजातीय कलाकारों, युवा समूहों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहभागिता करेंगे। कार्यक्रमों में जनजातीय लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योजनाओं की जानकारी, हितग्राही अनुभव साझा करने एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले के 438 ग्रामों में स्थापित आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्राप्त शिकायतों को सूचीबद्ध कर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निराकरण एवं समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

