- जागरूकता प्रेरित करने के लिए सेनेटरी नेपकिन का किया गया वितरण
गरियाबंद(CITY HOT NEWS)///
जिले में बेटियों के सशक्तिकरण तथा उनके स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 28 मई को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर व्यापक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम गरियाबंद विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-2 मजरकट्टा तथा छुरा विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र पोड़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक मिथकों को दूर कर उन्हें वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान किय गया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा मासिक धर्म की प्राकृतिक प्रक्रिया, शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व तथा इस अवधि में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में किशोरियों को सेनेटरी पैड के सही उपयोग, नियमित अंतराल पर पैड बदलने, स्वच्छता बनाए रखने तथा उपयोग किए गए सेनेटरी पैड के सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल निपटान की जानकारी दी गई। साथ ही मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को खुलकर अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षकों द्वारा उनके सभी प्रश्नों का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया गया, जिससे बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा और मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी प्रकार की झिझक या संकोच रखने की आवश्यकता नहीं है।
महिला सशक्तिकरण केन्द्र की टीम ने बालिकाओं को नियमित स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक आहार लेने तथा अपने परिवार, मित्रों और समुदाय में भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी नेपकिन वितरित किए गए तथा मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

