सरगुजा// सरगुजा के अंबिकापुर के पास हर्राटिकरा-केशवपुर मार्ग पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो छात्राओं सहित चार सवार घायल हो गए। कार एक शिक्षिका की बताई गई है, जिसे उसका बेटा शाम को बाहर घूमने ले गया था। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है। यह घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी शिक्षिका हीरामणि मिंज की कार (CG 15 EG 4706) को लेकर उसका बेटा आर्यन कुजूर (22 वर्ष) शनिवार की शाम अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। कार में जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के गांव महादेवडांड की चार कॉलेज छात्राएं निकिता केरकेट्टा (19 वर्ष), तारा कुजूर (19 वर्ष), एमल विशाल तिर्की (20 वर्ष) और दो युवक अमित कुजूर (21 वर्ष) और अनिमेष तिर्की सवार थे।

हादसे में घायल हो युवकों की हो गई मौत
तेज रफ्तार में कई बार पलट गई कार रात करीब 9.30 बजे कार सवार मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राटिकरा पहुंचे। हर्राटिकरा मोड़ पर ड्राइव कर रहे एमल विशाल तिर्की कार को मोड़ नहीं ले पाए और कार कई बार पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे एमल विशाल तिर्की की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार पलटने की आवाज सुनकर आसपास के गांव वाले मौके पर पहुंचे और घायलों को हॉस्पिटल ले गए। इलाज के दौरान अमित कुजूर की भी मौत हो गई। अन्य चार कार सवार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ।
कार जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। मृतकों में एमल विशाल तिर्की जबलपुर का रहने वाला था। उसका रायकेरा में ननिहाल है। वह घूमने के लिए ननिहाल और फिर अंबिकापुर आया था। जबकि दूसरा मृतक अंकित कुजूर गोविंदपुर विश्रामपुर का रहने वाला था। उसके पिता SECL अमेरा में काम करते हैं। वह अंबिकापुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था।
हादसे में घायल दोनों युवतियां भी कॉलेज की छात्राएं हैं। सभी ने देर शाम घूमने का प्लान बनाया और वे हर्राटिकरा-केशवपुर मार्ग पर चले गए।
पुलिस ने कार जब्त कर ली है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

