कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दिव्यांग छात्र के सपनों को मिली नई उड़ान

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दिव्यांग छात्र के सपनों को मिली नई उड़ान

कोरबा (CITY HOT NEWS)///
जिले के पोड़ी बहार निवासी बी.एससी. माइक्रोबायोलॉजी द्वितीय वर्ष के छात्र श्री ऋषभ जैन के लिए कॉलेज जाना और दैनिक कार्यों के लिए घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं था। दिव्यांगता के कारण उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। बावजूद इसके उन्होंने अपने सपनों को कभी टूटने नहीं दिया।
अपनी समस्या के समाधान के लिए श्री ऋषभ जैन ने 3 अगस्त 2026 को कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर ने उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की संवेदनशील एवं त्वरित पहल का परिणाम यह रहा कि आवेदन के मात्र एक दिन बाद, 4 अगस्त 2026 को श्री ऋषभ जैन को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर एवं एल्बो क्रच प्रदान कर दिए गए। अब वे बिना किसी पर निर्भर हुए कॉलेज आ-जा सकेंगे और अपनी पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक कार्य भी आसानी से कर पाएंगे।
इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर मिलने पर श्री ऋषभ जैन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए किसी नई जिंदगी से कम नहीं है। अब उन्हें शिक्षा प्राप्त करने और अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस त्वरित सहायता के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत तथा जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह पहल दर्शाती है कि संवेदनशील प्रशासन और त्वरित निर्णय से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जिला प्रशासन का यह प्रयास दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

Chhattisgarh