कोरिया// कोरिया में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं की ऑटो सोमवार रात बेकाबू होकर नाले के नीचे पुल में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई और कई महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में से एक महिला ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। यह घटना पटना थाना क्षेत्र की है।

दशगात्र से लौट रही महिलाओं से भरी ऑटो पुल से गिरी, दो की मौत
जानकारी के अनुसार, पटना थाना क्षेत्र के ग्राम झरना पारा की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम बकसर गई थीं। वे किराए के ऑटो से जा रही थीं। ऑटो ग्राम सत्तीपारा निवासी प्रताप राजवाड़े की थी। रात करीब 11 बजे महिलाएं ऑटो में बैठकर झरना पारा लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में ऑटो नकटी नाला पुलिया में नीचे गिर गई। हादसे में ऑटो में सवार लगभग 10 महिलाएं घायल हो गईं।
डॉक्टर ने दोस्तों के साथ पहुंचाया अस्पताल ऑटो के नदी में गिरने से घायल फुलकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पटना हॉस्पिटल में पदस्थ डॉक्टर आशुतोष तिवारी पहुंचे तो उन्होंने ऑटो को पुलिया से नीचे गिरा देखा। वे अपने 6-7 दोस्तों को लेकर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला और फोन कर एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, जिनमें झरना पारा की पूर्व सरपंच हीरा कुमारी, वीर कुमारी, मानमती, सोनी शामिल हैं। अन्य का इलाज पटना सीएचसी में किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को वीर कुमारी की भी मौत हो गई। पुलिस ने वीर कुमारी के शव को भी पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
मामले में पटना पुलिस ने ऑटो के ड्राइवर के खिलाफ धारा 184 एमवी एक्ट व बीएनएस की धारा 106(6), 125(ए), 281 के तहत अपराध दर्ज किया है।

