बुजुर्ग की संदिग्ध मौत,हत्या की आशंका..घर में हाथ-पैर बंधे मिला… जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम और पुलिस..

जशपुर// जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के बम्हनी ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम बोड़ाछापर में शनिवार को 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव घर के भीतर हाथ-पैर बंधे मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मृतक की पहचान चुंगरु (60) के रूप में हुई है। वह गांव में छोटी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार को उसका शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। हाथ और पैर बंधे होने की वजह से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दुलदुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से वैज्ञानिक सबूत एकत्र कर घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।

नकदी सुरक्षित मिली, लूट की आशंका कमजोर

ग्राम पंचायत की सरपंच सीमा खाखा ने बताया कि मृतक के पास से 11,400 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस की मौजूदगी में यह राशि परिजनों को सौंप दी गई। नकदी सुरक्षित मिलने के कारण फिलहाल लूट की आशंका कमजोर मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

कई लोग हिरासत में, पूछताछ जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की सहायता से निरीक्षण कराया जा रहा है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Chhattisgarh