कोरबा (CITY HOT NEWS)///किसानों की सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर को सफलतापूर्वक किया गया। धान खरीदी के पहले ही दिन किसानों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय की। उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री एस. के. जोशी ने बताया कि पहले दिन कुल 40 क्विंटल धान उपार्जित किया गया।
सोनपुरी सहकारी समिति के किसान श्री फूल सिंह से 10 क्विंटल तथा पाली सहकारी समिति के किसान श्री धनंजय कुमार से 30 क्विंटल धान खरीदा गया। पहले दिन केवल इन्हीं दो किसानों को टोकन जारी किए गए थे और दोनों किसान निर्धारित समय पर खरीदी केंद्र पहुंचे। केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों का अधिकारी-कर्मचारियों ने फूलमाला और गमछा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद धान का नाप-तौल कर संपूर्ण प्रक्रिया सहजता और पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर किसान खुशी और संतोष से भर गए।
खरीदी केंद्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित
कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में जिले की 41 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 65 धान उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा खाद्य एवं सहकारिता विभाग की टीम द्वारा उपार्जन केंद्रों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि खरीदी कार्य सुगम, व्यवस्थित और पूरी तरह पारदर्शी रहे। धान उपार्जन की सफल शुरुआत से जिले भर के किसानों में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में खरीदी कार्य के और सुचारू रूप से चलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समर्थन मूल्य बढ़ने से खुश हुए किसान बैदूराम, इस साल भी करेंगे 250 क्विंटल धान की बिक्री
कोरबा 16 नवम्बर 2025/कोरबा जिला के ग्राम भैसमा निवासी किसान बैदूराम ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष ढाई सौ क्विंटल धान की बिक्री की थी और इस वर्ष भी वे ग्राम भैसमा स्थित सोसायटी में लगभग 250 क्विंटल धान बेचने जा रहे हैं। किसान बैदूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य निर्धारित करना एक बड़ा और सराहनीय निर्णय है। इस फैसले से क्षेत्र के सभी किसान उत्साहित और प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार बड़ा है और धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वह घर के आवश्यक सामान खरीदने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में करते हैं। इस वर्ष अच्छी बारिश होने से फसल भी अच्छी हुई है, जिससे किसानों में उत्साह और अधिक बढ़ गया है।


