बिलासपुर// बिलासपुर में दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया 14 साल का किशोर गहरे पानी में डूब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की।

करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद दोपहर करीब 2 बजे किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि किशोर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, सौरभ धुरी (14), कक्षा 9वीं का छात्र था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था। सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।

डूबते देख दोस्तों ने बचाने की कोशिश
दोस्तों ने उसे डूबते देखकर पहले बचाने की कोशिश की। लेकिन, वह तेजी से गहराई में समां गया। इससे घबराए लड़कों ने आसपास के लोगों और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ की तलाश शुरू की। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम को भी बुलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बीच दो घंटे बाद मिला शव
SDRF के जवानों ने नदी में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर करीब 2 बजे सौरभ का शव नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

