अज्ञात वाहन से जा टकराई तेज रफ्तार बाइक…बाइक चला रहे टीचर की मौके पर मौत..साथी गंभीर रूप से घायल..

सरगुजा// अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर उदयपुर पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार बाइक अज्ञात वाहन से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे टीचर की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान तेज बारिश हो रही थी, इस कारण कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, केसगवां मिडिल स्कूल में पदस्थ टीचर प्रदीप कश्यप (50) बुधवार शाम अपने साथी भुनेश्वर राजवाड़े (32) के साथ सीडी डिलक्स बाइक पर सवार होकर शाम करीब 6 बजे उदयपुर से लखनपुर की ओर जा रहे थे।

झमाझम बारिश के बीच नेशनल हाईवे-30 पर विवान फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना राहगिरों ने डायल 112 की टीम को दी।

टीचर की मौत, दूसरा सवार घायल

डायल 112 की टीम ने दोनों को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद प्रदीप कश्यप को मृत घोषित कर दिया। वहीं भुनेश्वर राजवाड़े को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। टीचर और सवार दोनों के सिर में चोटें आई थीं। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।

हादसे का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं

हादसे के दौरान आंधी और तेज बारिश के कारण मार्ग पर आवागमन रुका हुआ था। गाड़ियों को ड्राइवरों ने सड़क किनारे भी खड़ा कर दिया था। आवागमन नहीं होने के कारण हादसे का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। उदयपुर पुलिस ने टीचर के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Chhattisgarh