रायपुर : बिरहोर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने जशपुर में विशेष प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर कार्यक्रम आयोजित

मुर्गी पालन, बकरी पालन, मछली पालन और लाख उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
  • आधुनिक तकनीकों की जानकारी से आजीविका के नए अवसरों की खुलीं राहें
  • मुर्गी पालन, बकरी पालन, मछली पालन और लाख उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर (CITY HOT NEWS)//// मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जशपुर जिले में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जशपुर जिले के विकासखंड कुनकुरी के ग्राम पंचायत बेहराखार में विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बिरहोर समुदाय के परिवारों को आजीविका के विविध साधनों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था। वर्तमान में समुदाय के परिवार मुख्य रूप से मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा दोना-पत्तल निर्माण जैसे कार्यों से जुड़े हुए हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से इन गतिविधियों को अधिक वैज्ञानिक, व्यवस्थित और लाभकारी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं मछली पालन की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को पशु एवं पक्षियों की देखभाल, संतुलित आहार प्रबंधन, रोगों की रोकथाम, उपचार तथा उत्पादों के विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही व्यवसाय संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान भी बताए गए।
बिरहोर समुदाय की आय में वृद्धि और रोजगार के अवसरों का विस्तार करने के लिए भविष्य में लाख उत्पादन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इन प्रयासों से समुदाय को अतिरिक्त स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में शामिल बिरहोर समुदाय के सदस्यों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिली है, जिसे अपनाकर वे अपनी आजीविका को और अधिक लाभकारी बना सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जशपुर जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Chhattisgarh