धमतरी// धमतरी जिले में शादी समारोह के दौरान हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भखारा थाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने नुकीले हथियार से हमला कर मोबाइल और नकदी लूटी थी।

पुलिस की गिरफ्त में मुख्य आरोपी
यह घटना 27 अप्रैल को भखारा थाना क्षेत्र में हुई थी। ग्राम पेण्डरवानी निवासी दयानंद साहू (40) अपने परिवार के साथ सिहाद गांव में बड़े साढ़ू के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। देर रात वे अपने छोटे साढ़ू तिलक राम साहू के साथ शादी घर से लगे पंचायत भवन के पीछे तालाब की ओर हाथ-मुंह धोने गए थे।
तालाब किनारे पहुंच गए चार युवक
दोनों तालाब की पचरी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और “यहां बैठना मना है” कहकर धमकाने लगे। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर दयानंद साहू से जेब में रखे सामान की मांग की।
मोबाइल और नकदी लूटकर किया हमला
डरे हुए दयानंद साहू की शर्ट जेब से आरोपियों ने वीवो कंपनी का मोबाइल और 50 रुपए नकद लूट लिए। विरोध करने पर उनके बाएं जांघ पर धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने तिलक राम साहू को भी धमकाकर 500 रुपए नकद लूट लिए और विरोध करने पर उनकी जांघ पर भी वार किया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद भखारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया।
मुख्य आरोपी और नाबालिग पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही किशन यादव (30) और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
मोबाइल, बाइक और कैंची बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और धारदार कैंची बरामद कर जब्त कर ली है।
आरोपी जेल भेजा गया
मुख्य आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

