अम्बिकापुर: शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न..विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन पर हुई विस्तृत समीक्षा

अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)///

  सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा श्री संजय गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को सर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सर्व प्राचार्य एवं संकुल प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल उमावि/सेजेस/पीएमश्री, सर्व विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, सर्व संकुल स्त्रोत समन्वयक, सर्व अधीक्षिका, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सर्व प्रधान पाठक पीएमश्री/इग्नाईट विद्यालय की विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु बैठक शासकीय बहु उ मा विद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा एवं  विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में शाला प्रवेश उत्सव 2026-27 के सफल आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये गये। इस दौरान शिक्षा का अधिकार अधिनियम अंतर्गत प्रवेशित बच्चों के ड्रॉप आउट होने के संबंध में चर्चा की गई। नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्राईवेट स्कूलों को मान्यता एवं फीस संबंधी जो भी अधिनियम शासन द्वारा जारी किये गये हैं, उनके संबंध में विस्तृत जानकारी रखें एवं उसका कड़ाई से पालन करायें। कक्षा पहली, 6 वीं, 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश की विस्तृत समीक्षा की गई। समस्त विद्यालयों में शासन के निर्देशानुसार प्रार्थना सभा के संचालन पर चर्चा की गई एवं इसका कड़ाई से पालन किये जाने निर्देशित किया गया। एससीईआरटी से प्राप्त वार्षिक कैलेण्डर के क्रियान्वयन,सभी विद्यालयों में न्यूज डेस्क के संचालन करने,मध्यान्ह भोजन संचालन, प्रतिमाह यूनिट टेस्ट, तिमाही, छमाही परीक्षा के आयोजन एवं वार्षिक परीक्षा की तैयारी, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु कार्य योजना की जानकारी ली गई। व्हीएसके एप के अंतर्गत शिक्षकों के पंजीयन एवं प्रतिदिन उपस्थिति की जानकारी ली गई। समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान किया जाएगा। तत्काल ऐसे शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण करें जिनका पंजीयन अभी तक नहीं हो पाया है। बैठक में भवन विहीन एवं जर्जर विद्यालय की जानकारी,एकल शिक्षकीय एवं शिक्षक विहीन विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों को समायोजित करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गणवेश, पाठ्य पुस्तकों के वितरण की जानकारी ली गई तथा समस्त अधिकारियों एवं सीएसी को शत-प्रतिशत वितरण कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।  सायकलों को तत्काल एसेंबल करके सुव्यवस्थित ढंग से वितरण करने कहा गया, कोई भी सायकल खुले में न रखें जिससे जंग लगने एवं खराब होने की स्थिति निर्मित हो। लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध तत्काल विभागीय जांच की कार्यवाही पूर्ण कर बर्खास्तगी की कार्यवाही करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।

ऐसे विद्यालय जहां दर्ज संख्या 50 से अधिक हैं इन विद्यालयों में अनिवार्य रूप से एलपीजी का उपयोग शत-प्रतिशत करने निर्देशित किया गया। अनुकंपा एवं पेंशन प्रकरणों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। सर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से संबंधित प्रकरणों का तत्काल। निराकरण करते हुये कार्यालय में जानकारी प्रस्तुत करें। संचालनालय  समग्र शिक्षा से स्वीकृत निर्माण कार्यों के प्रगति की जानकारी ली गई। छात्रवृत्ति पंजीयन 2026 पर चर्चा की गई, नोडल अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि 3171 प्रकरण कार्यालय को प्राप्त नहीं होने के कारण लंबित हैं। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल चेक करने एवं तत्काल निराकरण कराने हेतु निर्देशित किया गया। स्तरवार शिक्षकों के रिक्त पद पर चर्चा की गई तथा अतिथि शिक्षक, व्याख्याता की व्यवस्था हेतु जानकारी दी गई। सेजेस विद्यालयों के गतिविधियों एवं रिक्त पदों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। सुशासन तिहार के आवेदनों का तत्काल निराकरण करने हेतु विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पेयजल विहीन विद्यालयों की जानकारी कार्यालयीन शाखा प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। संलग्न कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करते हुये कार्यालय में जानकारी प्रस्तुत करने हेतु विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अपार आईडी निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर सुधार एवं नए आधार बनाए जाने की जानकारी नोडल अधिकारी कार्यालयीन को प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। कस्तूरबा गांधी एवं नई दिशा घुमन्तु आवासीय विद्यालय के संचालन की स्थिति की जानकारी ली गई, अधीक्षिकाओं को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालय में ही रहें, किसी भी प्रकार से बाहरी असामाजिक तत्व प्रवेश न करें। कस्तूरबा में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता एवं रिक्त पद की जानकारी ली गई। यदि किसी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं तो तत्काल इसकी सूचना कार्यालय में देने
हेतु निर्देशित किया गया ताकि अध्यापन व्यवस्था में कोई व्यवधान न हो साथ ही विद्यालय के परीक्षाफल 2025-26 की जानकारी चाही गई। पीएमश्री विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। समावेशी शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को उपकरण एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। बालवाड़ी संचालन  की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की प्रगति की जानकारी ली गई। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे तत्काल अपने स्तर से जानकारी तैयार कर एसडीएम एवं तहसील कार्यालय को प्रेषित करें ताकि शीघ्र अतिशीघ्र बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तैयार किये जा सकें। शाला त्यागी बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई तथा शाला त्यागी बच्चों का चिन्हांकन कर तत्काल प्रवेश कराये जाने हेतु सीएसी को निर्देशित किया गया। पीव्हीटीजी छात्र-छात्राओं के शिक्षा की निरंतरता पर चर्चा की गई तथा पीव्हीटीजी के बच्चों को प्राथमिकता से विद्यालयों में प्रवेश कराने एवं अध्यापन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। विद्यालयों में लाइब्रेरी/मुस्कान पुस्तकालयों के संचालन की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा  द्वारा पदोन्नति के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये एवं अवगत कराया गया कि वरिष्ठता सूची जारी किया गया है अतः दावा आपत्ति 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत करें। इस दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना के संबंध में विस्तृत चर्चा किया गया।
उल्लास नवभारत साक्षरता के अंतर्गत जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता श्री गिरीश गुप्ता द्वारा जानकारी दी गई कि प्रत्येक ग्राम स्तर पर 15 वर्ष से अधिक के असाक्षरों का सर्वे किया जा रहा है ,जिसमें किसके द्वारा अध्यापन कराया जायेगा, कहां अध्यापन कराया जायेगा, कितने बजे अध्यापन कराया जायेगा शिक्षार्थी की जानकारी ली जा रही है। इसके अतिरिक्त 15-18 वर्ष के बीच के ऐसे ड्रॉपआउट विद्यार्थी जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण नहीं किया है उनके लिये NIOS की तरफ से सरगुजा जिले को पालक प्रोजेक्ट के रूप में लिया गया है, इसका सर्वे कर, इन्हें 10वीं एवं 12वीं में शामिल किया जाएगा। वृक्षारोपण के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी  द्वारा निर्देशित किया गया कि अहाता युक्त प्राथमिक शालाओं में 10, माध्यमिक शालाओं में 20, हाई स्कूलों में 30 एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में 40 फलदार एवं छायादार वृक्ष अनिवार्य रूप से लगाएं तथा उनकी सुरक्षा स्थानीय जनभागीदारी तथा ईको क्लब हेतु प्राप्त राशि से करें। अन्य विद्यालय भी जहां अहाता नहीं हैं जनभागीदारी तथा ईको क्लब से विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण करते हुये उनकी सुरक्षा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। सभी पौधों की सुरक्षा के लिये बच्चों, शिक्षकों एवं शाला प्रबंध समिति के सदस्यों एवं अभिभावकों को जिम्मेवारी दें।

Chhattisgarh