रायपुर : कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत मिशन मोड पर जारी

कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत मिशन मोड पर जारी
  • कलेक्टर-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग
  • प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य एवं बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत मिशन मोड पर जारी

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय में चल रहे मरम्मत एवं राहत कार्यों का कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को पुनः स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलाशय की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, एसडीएम अकलतरा श्री सुमित बघेल, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमों को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में तेजी लाने तथा कार्य को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी दल स्थल पर निरंतर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी करें और आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मरम्मत कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को राहत शिविरों एवं प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मेडिकल टीमों की सतत तैनाती बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कोटमीसोनार राहत शिविर का निरीक्षण कर वहां ठहरे लोगों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने बताया कि कर्रा नाला जलाशय क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

Chhattisgarh