
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका संवर्धन का मजबूत माध्यम बन रही हैं। पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित सूकर वितरण योजना ने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम मदननगर निवासी श्री राजू भगत के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। योजना के तहत वर्ष 2024-25 में उन्हें 01 नर एवं 02 मादा उन्नत नस्ल के सूकर प्रदान किए गए, जिसने उनकी आर्थिक उन्नति की नई राह खोल दी।
शुरुआत में सीमित संसाधनों के साथ सूकर पालन प्रारंभ करने वाले राजू भगत ने विभागीय मार्गदर्शन का लाभ उठाते हुए वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन किया। बेहतर देखभाल और उन्नत नस्ल के कारण सूकरों की संख्या लगातार बढ़ी और वर्तमान में उनके पास 02 नर, 06 मादा तथा 09 बच्चे हैं। इससे मांस उत्पादन में वृद्धि हुई और नियमित आय का स्रोत विकसित हुआ।
राजू भगत बताते हैं कि शूकर पालन से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 35 से 40 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। इस आय से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है तथा भविष्य में इस गतिविधि का विस्तार करने का उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
पशुधन विकास विभाग द्वारा समय-समय पर सूकरों का स्वास्थ्य परीक्षण, कृमिनाशक दवाओं का वितरण, आवश्यक उपचार तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग के निरंतर सहयोग से हितग्राही को सूकर पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने में सहायता मिली है।
राजू भगत की सफलता इस बात का उदाहरण है कि शासन की योजनाओं का सही उपयोग, विभागीय सहयोग और स्वयं का परिश्रम मिलकर ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

