- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
जशपुर जिले के विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत रानीकोम्बो से चहटपारा मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-प्ट के तहत स्वीकृत इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, जशपुर के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि वर्ष 2025-26 में स्वीकृत पैकेज क्रमांक सीजी-07-132 के अंतर्गत एल-810 एसएच-17 रानीकोम्बो से चहटपारा मार्ग (लंबाई 2.70 किलोमीटर) के निर्माण का कार्यादेश 1 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। अनुबंध के अनुसार कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा 16 दिसंबर 2027 निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण होने की पूरी संभावना है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बाजार तक बेहतर पहुंच का लाभ मिलेगा।
मार्ग में पड़ने वाले कपारी नाला पर वृहद पुल निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। पुल की स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। पुल निर्माण से बरसात के दौरान आवागमन और अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध हो सकेगा तथा चहटपारा सहित आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी।
यह परियोजना क्षेत्र के ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा गांवों को सर्व मौसमीय सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

