- लोक निर्माण विभाग द्वारा 13 नए पुलों के निर्माण को मंजूरी, हो सकेगा बारहमासी आवागमन
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
लोक निर्माण विभाग ने दूरस्थ गांवों और वनांचलों में भी पूरे सालभर आवागमन सुनिश्चित करने कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की मंजूरी दी है। इनके निर्माण से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को भी बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के दिनों में उन्हें नदी-नालों को पार करने का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। विभाग द्वारा स्वीकृत इन पुलों में कोयलीबेड़ा विकासखण्ड का बेचाघाट पुल भी शामिल है। नक्सल प्रभावित होने के कारण पहले इस पुल का निर्माण नहीं हो पा रहा था, जो कि अब प्रगति पर है।
लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता श्री राजेन्द्र सोनकर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुल स्वीकृत किए गए हैं। रावघाट में मेढकी नदी पर 5 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। सोनपुर-नारायणपुर मार्ग में कोटरी नदी पर बेचाघाट में 15 करोड़ 52 रुपए की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मार्ग में खंडी नदी पर 6 करोड़ 18 लाख रुपए तथा कांकेर-देवरी मार्ग में चिनार नदी पर 8 करोड़ 98 लाख रुपए की लागत से पुल निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा अंतागढ़-बेड़मा मार्ग में निर्गुण नाला पर पुल निर्माण के लिए 3 करोड़ 82 लाख रुपए, चारामा के पास सिरसिदा नाला में पुल निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपए, कोरर के पास जंजालीपारा में पुल निर्माण के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपए, संबलपुर से सिलपट मार्ग में संबलपुर नाला में पुल निर्माण के लिए 3 करोड़ 87 लाख रुपए, चारामा विकासखण्ड के टांहकापार में महानदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 28 करोड़ 7 लाख रुपए, ईच्छापुर-घोटिया मार्ग में दूध नदी पर पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 53 लाख रुपए और ताड़ोकी में निब्रा (मेढकी) नदी पर पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 13 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सभी कार्यों के लिए निविदा प्रक्रियाधीन है।
कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया के बेलगाल में 4 करोड़ 10 लाख रुपए और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग में पासंगी नाला पर 5 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत के पुलों के निर्माण भी स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों पुलों के निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।

