रायपुर : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जशपुर के 71 हजार से अधिक किसानों को मिला सहारा

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जशपुर के 71 हजार से अधिक किसानों को मिला सहारा
  • हर साल 6 हजार की सहायता से सशक्त हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे किसान

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनती जा रही है। छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में यह योजना किसानों को नियमित वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें आधुनिक व वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

जशपुर जिले में इस योजना का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जहां 71,733 किसान सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। मार्च 2026 में योजना की 22वीं किश्त जारी की गई, जिसके तहत प्रदेश के 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।

योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। यह राशि किसानों को खाद-बीज खरीदने, मजदूरी भुगतान और अन्य कृषि कार्यों में समय पर निवेश करने में मदद करती है, जिससे खेती की निरंतरता और उत्पादकता बनी रहती है।

जशपुर के साल्हेकेराडीह गांव के किसान नंदराम बताते हैं कि वे कई वर्षों से इस योजना का लाभ ले रहे हैं। हर किश्त उन्हें खेती के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में मदद करती है, जिससे उनका काम बिना रुकावट चलता है और आय में स्थिरता बनी रहती है।

यह योजना केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ा रही है। किसान अब पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि कर रहे हैं।

जशपुर जिले में बड़ी संख्या में किसानों तक योजना का लाभ पहुंचना इस बात का संकेत है कि शासन की योजनाएं प्रभावी रूप से जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और कृषि विकास की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।

Chhattisgarh