
- 30वीं किस्त से पात्र महिलाओं के खातों में पहुंचा 01 हजार रूपए, अब तक मिली 30 हजार की सहायता
- प्रतिमाह की नियमित सहायता राशि परिवार के लिए उपयोगी: मंजू राजपूत
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना का संचालन किया जा रहा है। मुंगेली जिले की अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग स्वरोजगार एवं परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। इसी कड़ी में रक्षाबंधन के पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा योजना की 30वीं किस्त के रूप में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 01 हजार रूपए की राशि अंतरित की गई। योजना के तहत अब तक प्रत्येक पात्र महिला को 30 किस्तों में कुल 30 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मिल चुकी है। त्योहार से पहले खाते में राशि पहुंचने से महिलाओं में विशेष खुशी का माहौल है।
जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत ग्राम झाफल निवासी श्रीमती मंजू राजपूत ने बताया कि योजना के माध्यम से नियमित रूप से मिलने वाली राशि परिवार के लिए आर्थिक संबल बनी है। श्रीमती मंजू राजपूत इस राशि का उपयोग खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में करती हैं, जिससे कृषि कार्यों में आवश्यक खर्च पूरा करने में परिवार को मदद मिलती है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने महिलाओं को अपनी जरूरतों के साथ-साथ परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं में योगदान देने का अवसर दिया है। नियमित आर्थिक सहायता से खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग मिलता है और परिवार के खर्चों का बोझ भी कुछ हद तक कम होता है।
महतारी वंदन योजना महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना की राशि का उपयोग महिलाएं अपनी जरूरतों, परिवार के खर्च और आजीविका से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी को भी मजबूती मिल रही है। श्रीमती मंजू राजपूत ने योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व से पहले खाते में राशि मिलना खुशी की बात है। नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हो रही है और खेती-किसानी के कार्यों में भी सहयोग दे रही है।

