रायपुर : सुकमा जिले के दूरस्थ ग्राम कुम्हाररास गांव किसान सोमारू राम को मिला समय पर खाद-बीज

सुकमा जिले के दूरस्थ ग्राम कुम्हाररास गांव किसान सोमारू राम को मिला समय पर खाद-बीज
  • खेती किसानी के लिए निःशुल्क कृषि ऋण मिलने से किसानों में उत्साह
  • सोमारू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को दिया धन्यवाद

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुकमा जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन से ठीक पहले किसानों के लिए खाद, उन्नत बीज और ऋण की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कर प्रशासनिक तत्परता की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा जिले के दूरस्थ अंचलों तक कृषि सामग्रियों की सुचारू आपूर्ति की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रशासन की इस सक्रिय, पारदर्शी और किसान-हितैषी कार्यप्रणाली से अन्नदाताओं को बिना किसी परेशानी के बोआई की तैयारी करने में मदद मिल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र के किसानों में भारी उत्साह और आगामी फसल को लेकर एक नया विश्वास जागा है।

इस समयबद्ध व्यवस्था का सीधा और सुखद लाभ छिंदगढ़ विकासखंड के कुम्हाररास गांव के प्रगतिशील किसान सोमारू राम को मिला है। दो एकड़ कृषि भूमि के मालिक सोमारू को छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से न केवल आवश्यकतानुसार सब्सिडीयुक्त केसीसी ऋण उपलब्ध कराया गया, बल्कि कुकानार समिति से तत्काल एक-एक बोरी यूरिया, डीएपी, एनपीके, पोटाश और उन्नत धान का बीज भी प्रदान किया गया। समय पर मिली इस बड़ी मदद से भावुक सोमारू ने कहा कि इससे उन पर से आर्थिक दबाव पूरी तरह हट गया और उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इस सुचारू व्यवस्था की खुले दिल से सराहना की।

एक ओर जहाँ प्रशासन किसानों को निर्बाध रूप से कृषि आदान उपलब्ध करा रहा है, वहीं दूसरी ओर अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए बिचौलियों, कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ भी सर्जिकल स्ट्राइक जारी है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सोसायटियों और बाजारों का औचक निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई कर रही हैं, जिससे किसानों को सही कीमत पर प्रामाणिक सामग्रियां मिल रही हैं। जिला प्रशासन की इस त्रिस्तरीय मुस्तैदी-ऋण, खाद-बीज की आपूर्ति और सख्त निगरानी ने सुकमा के किसानों का भरोसा मजबूत कर दिया है और इस बार क्षेत्र में बंपर खरीफ उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।

Chhattisgarh