
- योग को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण का करें संकल्प – मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब
- स्वस्थ जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं – महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत
रायपुर (CITY HOT NEWS)//





बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कर योग के महत्व तथा इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं मानसिक दृढ़ता का विकास भी आवश्यक है, जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि प्रतिदिन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण तथा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाव के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में पूरे देश एवं प्रदेश में योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। सभी नागरिकों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। यह केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने की प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है तथा व्यक्ति अधिक ऊर्जावान एवं सकारात्मक बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने तथा योगमय जीवन अपनाकर निरोग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन, नियमित योग एवं जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

