
- ’कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश’
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सुकमा जिले के ग्राम पंचायत झापरा में आयोजित सुशासन तिहार और “बस्तर मुन्ने” अभियान के विशेष शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों को मिला। शिविर में प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली और जनहितैषी पहल का प्रभावी स्वरूप देखने को मिला।
’कलेक्टर ने किया शिविर का निरीक्षण’
शिविर में कलेक्टर श्री अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
’ग्रामीणों को मिली विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ’
शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर हितग्राहियों को किसान किताब, बी-1 खसरा, श्रम कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और राशन कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
’पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को सौंपी गई चाबी’
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। इससे कई परिवारों के अपने घर का सपना पूरा हुआ। हितग्राहियों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
’गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम ने जोड़ा सामाजिक सरोकार’
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम ने शिविर को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ दिया। इस आयोजन ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
’अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के प्रति विश्वास और सहभागिता लगातार मजबूत हो रही है। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष सुकमा श्रीमती रीना पेद्दी, जिला पंचायत सदस्य श्री माड़े बारसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

