
- तंबाकू के दुष्प्रभावों से कराया गया अवगत, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
- नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
रायगढ़,(CITY HOT NEWS)///
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आह्वान पर 31 मई अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डे केयर सेंटर सियान गुड़ी जतन केन्द्र परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन, बालक-बालिकाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देते हुए लोगों से धूम्रपान एवं अन्य नशे की आदतों से दूर रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक असाध्य रोगों का प्रमुख कारण है। साथ ही यह भी बताया गया कि धूम्रपान का दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालता है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित नागरिकों को तंबाकू एवं अन्य नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। युवाओं को विशेष रूप से तंबाकू उत्पादों के भ्रामक एवं आकर्षक प्रचार-प्रसार से सतर्क रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। समाज कल्याण विभाग ने सभी नागरिकों से धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन त्यागकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम का समापन ’तंबाकू छोड़ें, जीवन जोड़ें-स्वस्थ रहें, खुशहाल रहें’ के संदेश के साथ किया गया।

