पूर्णिमा हत्याकांड का हुआ खुलासा: पति ने पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख की दी थी सुपारी..दो नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर युवती को मारी थीं 3 गोलियां…पति-पत्नी समेत 9 गिरफ्तार..

सक्ती// छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पति ने पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख की सुपारी दी थी। दरअसल, गर्लफ्रेंड पूर्णिमा शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर शादी का दबाव बना रही थी। दो नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर युवती को 3 गोलियां मारी थीं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, शूटर्स ने शूटर मूवी देखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पत्नी चम्पा ने शूटर्स को सुपारी देने के लिए अपने पोस्ट ऑफिस का खाता तोड़कर उससे रकम निकाली। जिससे उसने 2 लाख रुपए एडवांस दिए थे।

पुलिस ने मामले में पति-पत्नी समेत कुल 9 आरोपियों को छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार, बाइक और कैश भी बरामद किया गया है। घटना सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा की है।

पहले देखिए ये तस्वीरें…

दो नकाबपोश युवक ने घर में घुसकर पूर्णिमा को तीन गोलियां मारी थीं।

दो नकाबपोश युवक ने घर में घुसकर पूर्णिमा को तीन गोलियां मारी थीं।

पुलिस ने पति-पत्नी समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने पति-पत्नी समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल भी बरामद कर लिया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, 26 जून की सुबह करीब 11 बजे ग्राम जोंगरा में 2 नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के भीतर गया और पहचान करने के बाद पिस्टल से उस पर 3 गोलियां दाग दीं। सिर और शरीर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादीशुदा युवक से था अफेयर

पुलिस जांच में पता चला कि, पूर्णिमा का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से अफेयर था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद 2 साल से वह अपने घर में ही रह रही थी।

वहीं, मुरलीशंकर भी पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी चम्पा चौहान को इस संबंध की जानकारी थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बाद में मुरलीशंकर ने पूर्णिमा से दूरी बना ली, लेकिन वह शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर पति-पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

4 लाख की सुपारी देकर बुलाए शूटर

पुलिस के अनुसार, मुरलीशंकर और चम्पा ने झारखंड के राजेंद्र महंत से संपर्क कर 4 लाख में हत्या की सुपारी दी। वारदात के बाद चम्पा ने सुपारी की रकम में से 2 लाख आरोपियों को दे दिए थे। साजिश में 7 और लोग शामिल थे, जिन्होंने हत्या से लेकर फरारी तक अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।

आरोपियों ने बताया कि, हत्या की साजिश में राजेंद्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत शामिल थे। सभी ने मिलकर 26 जून को हत्या करने की साजिश रची और सुपारी की राशि आपस में बांटने का फैसला किया।

टेक्निकल जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर डंप और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की। इसी दौरान झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे में आरोपियों की लोकेशन मिलने पर पुलिस टीमों ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पिस्टल, कारतूस, बाइक और कैश जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो बाइक, 7 मोबाइल, बैंक पासबुक और 71,500 रुपए कैश बरामद किया है। घटना स्थल से तीन खाली कारतूस भी जब्त किए गए हैं।

पिस्टल, कारतूस, बाइक और कैश जब्त किया गया है।

पिस्टल, कारतूस, बाइक और कैश जब्त किया गया है।

पति-पत्नी समेत 9 गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में रायगढ़ निवासी चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, मालखरौदा निवासी सुनील महंत, राजेंद्र महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, चंद्रशेखर महंत, राकेश महंत, खरसिया निवासी गौरीशंकर सिदार और रायगढ़ के सुमित गबेल सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Chhattisgarh