बलौदाबाजार : विकासखंड मुख्यालयों में 12 जून से आयोजित होंगे जन कल्याण शिविर

  • ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही पर लगेगा जुर्माना,कुपोषण मुक्त आंगनबड़ी के लिये बनेगी कार्ययोजना

बलौदाबाजार, (CITY HOT NEWS)//

जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में 12 से 20 जून तक जन कल्याण शिविर आयोजित होंगे। इस शिविर में आयुष्मान कार्ड, पीएम वय वंदन कार्ड  बनाने के साथ पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, वीबी ज़ी राम जी  योजना की जानकारी दी जाएगी।कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय -सीमा की बैठक में शिविर आयोजन के संबंध में जरूरी निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी अभियान के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य  विभाग के अधिकारियो को विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पहले गंभीर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य जांच कराएं, और चिरायु कार्ड बनाएं। बच्चे की स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर कुपोषण दूर करने के लिये आवश्यक दवाई व पोषण आहार निर्धारित करें। इसीतरह एनआरसी में भर्ती कराने से लेकर घर में समय पोषक आहार की भी मॉनिटरिंग हो।बच्चों के माता -पिता को जागरूक करें।अगले 6 माह में 90 प्रतिशत बच्चों में कुपोषण दूर करने का लक्ष्य निर्धारित करें। आंगनबाड़ी में लगभग 1400 बच्चे गंभीर कुपोषित हैं।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन  नियम, 2026 कचरा प्रबंधन को अधिक वैज्ञानिक और सख्त बनाने के लिए 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गए हैं। इन नियमों में स्थानीय निकायों पर बोझ कम करके सीधे कचरा उत्पन्न करने वालों की जवाबदेही तय कर जुर्माना का भी प्रावधान किया गया है। कलेक्टर  श्री शर्मा ने नगरीय निकायों के साथ -साथ  ग्राम पंचायतों में कचरा कलेक्शन,सेग्रीगेशन एवं निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिये। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण मंडल एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों को फैक्ट्री परिसर में कचरा निपटान व्यवस्था को सख़्ती से लागू कराने कहा।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि 3 माह से अधिक लंबित प्रकरणों का 31 जुलाई तक निराकरण के लिये रणनीति बनाने तथा समय सीमा से बाहर के आवेदनों का भी जल्द निराकरण के निर्देश दिये।उन्होंने आरबीसी 6-4 के तहत स्वीकृत राशि को सम्बंधित के खाते में शीघ्र अंतरित करने कहा। उन्होंने कार्य के लिए किसी तरह की एजेंट सामने आने पर उन पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने स्वयं कुछ हितग्राहियों से फ़ोन पर बात की और भुगतान की जानकारी ली।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, ए.आर. टंडन सहित एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Chhattisgarh