होटल में अवैध रूप से देह व्यापार हो रहा संचालित…लखनऊ से आई दो युवतियां पकड़ाईं… होटल मैनेजर के खिलाफ भी हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई..

दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र के जुनवानी स्थित होटल क्राउड में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर होटल में दबिश दी, जहां बाहर से आई दो युवतियां मौजूद मिलीं। इस मामले में होटल मैनेजर के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि, होटल क्राउड में ग्राहकों को बुलाकर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। बताया गया था कि, इसमें शामिल महिलाएं दूसरे स्टेट से आने वाली है। स्मृति नगर पुलिस ने होटल में रेड की कार्रवाई की।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आई थी महिला

जांच के दौरान पता चला कि, दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली हैं, जो फ्लाइट से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं थीं। वहां से वे भिलाई आईं और होटल क्राउड में ठहरी थीं। बताया जा रहा है कि इसके बाद वे राजनांदगांव जाने की तैयारी में थीं, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने होटल में दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।

मैनेजर करने लगा विवाद, महिला पुलिस से युवतियों ने की झूमाझटकी

एएसपी और पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि, रेड के दौरान पुलिस ने होटल मैनेजर से होटल से संबंधित दस्तावेज और ग्राहकों की जानकारी मांगी। इस पर मैनेजर ने पुलिस टीम से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, जिन दो युवतियों के संबंध में देह व्यापार की सूचना मिली थी, वे भी होटल के कमरे में मौजूद पाई गईं।

महिला पुलिस जब लखनऊ से आई गई युवतियों की तलाशी ले रही थी और उनसे पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो उन्होंने भी पुलिस से बहस शुरू कर दिया। इस दौरान उन पर हाथापाई और झूमाझटकी करने का भी आरोप है। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

मजिस्ट्रेट के सामने किया पेश

पुलिस ने होटल के कमरे से संबंधित साक्ष्य जुटाए और होटल मैनेजर और दोनों युवतियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि होटल में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं या नहीं और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Chhattisgarh