गौरेला पेंड्रा मरवाही,(CITY HOT NEWS)//
जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में प्रकाशित एक समाचार के संबंध में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अस्पताल में चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं तथा मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार जिला चिकित्सालय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार हेतु पहुंचते हैं। अस्पताल में 24 घंटे 7 दिन चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, शिशु रोग सहित विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रशासन ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का उपचार चिकित्सकों एवं सहायक स्टाफ की सतत निगरानी में किया जाता है। हाल ही में सामने आए एक मामले में भी मरीज को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा उपचार प्रदान किया गया और आवश्यक जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं स्वच्छता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी निरंतर संचालित की जा रही हैं। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि संक्रमण नियंत्रण एवं मरीज सुरक्षा संबंधी सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले आधिकारिक तथ्यों को देखें। जिला अस्पताल प्रशासन बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और मरीजों की सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

